मधुबनी: झंझारपुर-निर्मली रेलखंड पर ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं के विरुद्ध रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते 3 अप्रैल 2026 को गाड़ी संख्या 13211 जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस पर हुए पथराव के मामले में आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी मधुबनी जिले के अररिया संग्राम थाना क्षेत्र के खरोआ ग्राम का निवासी भीम कुमार सदाय बताया जा रहा है।

घटना का विवरण और गिरफ्तारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल को जब जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस तमुरिया स्टेशन के समीप थी, तभी अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा ट्रेन पर पथराव किया गया। इस पथराव में ट्रेन के कोच संख्या B-1 का विंडो ग्लास (खिड़की का शीशा) पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इस गंभीर घटना को लेकर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, दरभंगा में रेल अधिनियम की धारा 153 के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में 4 अप्रैल 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर तमुरिया स्टेशन के पास से भीम कुमार सदाय को हिरासत में लिया गया।
विवाद के कारण पत्थरबाजी और आरोपी का कबूलनामा
पूछताछ के दौरान आरोपी भीम कुमार सदाय ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदि है। घटना वाले दिन ट्रेन में उसका किसी सहयात्री के साथ झगड़ा हो गया था। उसी विवाद के कारण उसने सहयात्री को मारने की नीयत से पत्थर चलाया था, लेकिन निशाना चूक गया और पत्थर सीधे कोच के खिड़की वाले शीशे पर जा लगा, जिससे वह टूट गया। आरपीएफ ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अग्रिम कार्रवाई हेतु रेलवे न्यायालय, समस्तीपुर भेज दिया है।