वाराणसी-साबरमती के बीच शुरू होगी नई डेली एक्सप्रेस ट्रेन, रेलवे बोर्ड ने जारी किया शेड्यूल

वाराणसी : भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और दो प्रमुख शहरों के बीच संपर्क को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। रेलवे बोर्ड (रेल मंत्रालय) ने वाराणसी और साबरमती के बीच एक नई दैनिक (Daily) एक्सप्रेस ट्रेन (ट्रेन संख्या 12206/12205) शुरू करने की आधिकारिक स्वीकृति दे दी है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर. नीलम द्वारा सभी संबंधित रेल मंडलों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के रेल यात्रियों के लिए यह एक बड़ी खबर है।
ट्रेन का समय और शेड्यूल (Time Table)
जारी समय-सारणी के अनुसार:
- ट्रेन संख्या 12206 (वाराणसी – साबरमती एक्सप्रेस): यह ट्रेन वाराणसी से रोजाना शाम 17:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 20:15 बजे साबरमती पहुंचेगी।
- ट्रेन संख्या 12205 (साबरमती – वाराणसी एक्सप्रेस): वापसी में यह ट्रेन साबरमती से सुबह 05:20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 06:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
यह ट्रेन प्रतिदिन संचालित होगी और यात्रियों की सुगम व आरामदायक यात्रा के लिए इसमें 3 एलएचबी (LHB) रेक का उपयोग किया जाएगा।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
रेलवे द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, ट्रेन दोनों दिशाओं में निम्नलिखित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी:
स्टॉपेज: मिर्जापुर, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, टूंडला जंक्शन, ईदगाह आगरा जंक्शन, भरतपुर, नदबाई, खेरली, मंडावर महुआ रोड, बांदीकुई, गांधीनगर जयपुर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, ब्यावर, मारवाड़, फालना, आबू रोड, पालनपुर और मेहसाणा।
जल्द घोषित होगी संचालन की तारीख
रेलवे बोर्ड ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि इस नई ट्रेन सेवा को शीघ्र ही किसी सुविधाजनक तिथि से लागू किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इसकी शुरुआत एक विशेष उद्घाटन (Inaugural Special) ट्रेन के रूप में भी की जा सकती है। बोर्ड ने संबंधित अधिकारियों को इस नई ट्रेन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
Reporter से सवाल पूछें
सवाल भेजने के लिए login करें।




अपनी प्रतिक्रिया दें