News Area: झंझारपुर

Jhanjharpur

  • झंझारपुर केंद्रीय विद्यालय में सत्र 2026-27 के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू: जानिए बालवाटिका से पांचवीं तक के रजिस्ट्रेशन की पूरी जानकारी

    झंझारपुर केंद्रीय विद्यालय में सत्र 2026-27 के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू: जानिए बालवाटिका से पांचवीं तक के रजिस्ट्रेशन की पूरी जानकारी

    प्रवेश प्रक्रिया और कक्षाओं का विवरण

    बिहार के झंझारपुर में स्थित नव सृजित केंद्रीय विद्यालय (+2 केजरीवाल हाई स्कूल, झंझारपुर, मधुबनी) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न कक्षाओं में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, बालवाटिका I, II, III और कक्षा I से लेकर कक्षा V तक (प्रत्येक कक्षा में 01 सेक्शन) के लिए ऑफलाइन पंजीकरण फॉर्म जारी किए गए हैं। अभिभावक हमारी वेबसाइट से एडमिशन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं या निर्धारित तिथियों के भीतर विद्यालय कार्यालय से संपर्क करके फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।

    पंजीकरण की तिथियां और फॉर्म प्राप्ति के माध्यम

    पंजीयन फॉर्म प्राप्त करने तथा इसे सभी आवश्यक दस्तावेजों व प्रमाण-पत्रों के साथ पूर्णरूप से भरकर जमा करने की तिथि 05 अगस्त 2026 (बुधवार) से 14 अगस्त 2026 (शुक्रवार) तक निर्धारित की गई है। अभिभावक प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक विद्यालय कार्यालय में जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा, सुविधा के लिए आप हमारी वेबसाइट से भी एडमिशन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं, साथ ही यह केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, दरभंगा की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगा।

    आयु सीमा और आरक्षण के नियम

    प्रवेश के लिए छात्रों की आयु की गणना 31 मार्च 2026 के आधार पर की जाएगी। बालवाटिका I के लिए न्यूनतम आयु 3 वर्ष और अधिकतम 4 वर्ष से कम होनी चाहिए। इसी प्रकार बालवाटिका II के लिए आयु 4 से 5 वर्ष से कम, बालवाटिका III के लिए 5 से 6 वर्ष से कम, कक्षा I के लिए 6 से 8 वर्ष से कम, कक्षा II के लिए 7 से 9 वर्ष से कम, कक्षा III के लिए 8 से 10 वर्ष से कम, कक्षा IV के लिए 9 से 11 वर्ष से कम और कक्षा V के लिए 10 से 12 वर्ष से कम निर्धारित की गई है। कक्षाओं में सीटों का आरक्षण केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) के प्रवेश दिशानिर्देशों 2026-27 के अनुसार किया जाएगा। प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी KVS की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी प्राप्त की जा सकती है।

    आवश्यक दस्तावेज और विशेष निर्देश

    आवेदन के समय जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, ब्लड ग्रुप रिपोर्ट, पासपोर्ट साइज फोटो और श्रेणी के अनुसार जाति, आय, बीपीएल या सेवा प्रमाण पत्र जैसे तमाम जरूरी दस्तावेज होना अनिवार्य हैं। विद्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पंजीकरण मात्र से ही प्रवेश का अधिकार प्राप्त नहीं होगा, और फॉर्म में किसी भी प्रकार की गलत या भ्रामक जानकारी पाए जाने पर प्रवेश प्रक्रिया के दौरान आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा।

  • सहरसा-आनंद विहार, पुर्णिया कोर्ट- आनंद विहार, दरभंगा-नई दिल्ली, बरौनी नई दिल्ली : स्पेशल ट्रेन के परिचालन अवधि में हुआ विस्तार, पढ़ें पूरी खबर

    सहरसा-आनंद विहार, पुर्णिया कोर्ट- आनंद विहार, दरभंगा-नई दिल्ली, बरौनी नई दिल्ली : स्पेशल ट्रेन के परिचालन अवधि में हुआ विस्तार, पढ़ें पूरी खबर

    यात्रियों की भारी भीड़ और आवागमन की सुगमता को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेलवे द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण रूटों पर संचालित होने वाली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि का विस्तार कर दिया गया है। इन सभी स्पेशल ट्रेनों का संचालन उनके पूर्व निर्धारित ठहराव (Stoppages), समय-सारणी (Timings), निर्धारित मार्ग (Path) और मेंटेनेंस शेड्यूल के आधार पर ही किया जाएगा। रेलवे प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, अगस्त और सितंबर 2026 तक बढ़ाई गई इन स्पेशल ट्रेनों की विस्तृत जानकारी इस प्रकार है:

    • बरौनी – नई दिल्ली – बरौनी स्पेशल ट्रेन (02563 / 02564): यात्रियों की अत्यधिक मांग को देखते हुए ट्रेन संख्या 02563 (बरौनी से नई दिल्ली) का परिचालन दिनांक 01.08.2026 से 31.08.2026 तक प्रतिदिन कुल 31 फेरों के लिए विस्तारित किया गया है। वहीं वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 02564 (नई दिल्ली से बरौनी) का परिचालन 02.08.2026 से 01.09.2026 तक कुल 31 फेरों के लिए होगा। इस ट्रेन में कुल 18 आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच लगाए गए हैं, जिसमें पॉवर कार, सिटिंग सह लगेजरेक, स्लीपर और एसी श्रेणी के कोच शामिल हैं।

    • दरभंगा – नई दिल्ली – दरभंगा स्पेशल ट्रेन (02569 / 02570): मिथिला क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण ट्रेन संख्या 02569 (दरभंगा से नई दिल्ली) अब 01.08.2026 से 31.08.26 तक प्रतिदिन चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 02570 (नई दिल्ली से दरभंगा) का संचालन 02.08.2026 से 01.09.2026 तक कुल 31 फेरे पूरे करेगा। इस गाड़ी में भी 18 एलएचबी कोचों की संयोजन व्यवस्था रखी गई है।
    • धनबाद – शकूर बस्ती – धनबाद स्पेशल ट्रेन (03639 / 03640): द्वि-साप्ताहिक (Bi-Weekly) रूप से चलने वाली ट्रेन संख्या 03639 (धनबाद से शकूर बस्ती – प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को प्रस्थान) का परिचालन 03.08.2026 से 31.08.2026 तक कुल 09 फेरों के लिए होगा। इसके विपरीत, ट्रेन संख्या 03640 (शकूर बस्ती से धनबाद – प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को प्रस्थान) का संचालन 04.08.2026 से 01.09.2026 तक कुल 09 फेरों के लिए किया जाएगा। इस ट्रेन में कुल 22 कोच (LWLRRM, LSLRD, LWS, LWSCN, LWACCNE, LWACCN) जोड़े गए हैं।

    • पूर्णिया कोर्ट – आनंद विहार टर्मिनल – पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन (05579 / 05580): सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा हेतु द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन संख्या 05579 (पूर्णिया कोर्ट से आनंद विहार – प्रत्येक शुक्रवार एवं रविवार) का परिचालन 02.08.2026 से 30.08.2026 तक कुल 09 फेरों के लिए होगा। वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 05580 (आनंद विहार से पूर्णिया कोर्ट – प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार) 04.08.2026 से 01.09.2026 तक कुल 09 फेरों के लिए चलाई जाएगी।
    • सहरसा – आनंद विहार टर्मिनल – सहरसा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (05575 / 05576): साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन संख्या 05575 (सहरसा से आनंद विहार – प्रत्येक मंगलवार) दिनांक 04.08.2026 से 25.08.2026 तक कुल 04 फेरे लगाएगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 05576 (आनंद विहार से सहरसा – प्रत्येक गुरुवार) दिनांक 06.08.2026 से 27.08.2026 तक कुल 04 फेरों के लिए संचालित होगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोचों का कंपोजिशन उपलब्ध कराया गया है।
    • सहरसा – पूर्णिया कोर्ट – सहरसा द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (05506 / 05505): क्षेत्रीय संपर्क को और सुदृढ़ बनाए रखने के लिए ट्रेन संख्या 05506 (सहरसा से पूर्णिया कोर्ट – प्रत्येक शुक्रवार और रविवार) का परिचालन 02.08.2026 से 30.08.2026 तक कुल 09 फेरों के लिए होगा। वापसी में ट्रेन संख्या 05505 (पूर्णिया कोर्ट से सहरसा – प्रत्येक सोमवार और बुधवार) 03.08.2026 से 02.09.2026 तक कुल 09 फेरों के लिए पटरियों पर दौड़ती नजर आएगी।

    रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से विशेष अपील की है कि यात्रा करने से पहले रेलवे के आधिकारिक एनटीईएस (NTES) ऐप या स्टेशनों के माध्यम से ट्रेनों के समय, ठहराव और स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

  • झंझारपुर के रास्ते चलने वाली कटिहार-अमृतसर समर स्पेशल ट्रेन के बढ़े फेरे : सीमांचल और मिथिलांचल के यात्रियों को बड़ी राहत

    झंझारपुर के रास्ते चलने वाली कटिहार-अमृतसर समर स्पेशल ट्रेन के बढ़े फेरे : सीमांचल और मिथिलांचल के यात्रियों को बड़ी राहत

    यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कटिहार-अमृतसर स्पेशल के फेरों में विस्तार

    रेल प्रशासन ने यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे ने कटिहार से अमृतसर के बीच चलने वाली समर स्पेशल ट्रेन संख्या 05736/05735 के परिचालन अवधि में विस्तार करते हुए इसके पांच अतिरिक्त फेरे चलाने का ऐलान किया है। रेलवे के इस फैसले से सीमांचल के पूर्णिया, अररिया और फारबिसगंज के साथ-साथ मिथिलांचल के झंझारपुर, सीतामढ़ी और रक्सौल क्षेत्र के हजारों यात्रियों को पंजाब और हरियाणा की यात्रा के दौरान सीधी और सुगम सफर की सुविधा मिलेगी।

    जानिए झंझारपुर से होकर गुजरने वाली इस ट्रेन का नया शेड्यूल और रूट

    रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 05736 कटिहार-अमृतसर समर स्पेशल प्रत्येक बुधवार को 5 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक कटिहार से अमृतसर के लिए रवाना होगी और कुल पांच अतिरिक्त फेरे लगाएगी। वहीं वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 05735 अमृतसर-कटिहार समर स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार को 7 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक अमृतसर से प्रस्थान कर कटिहार वापस लौटेगी। यह स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग कटिहार से खुलकर पूर्णिया, अररिया, फारबिसगंज, राघोपुर, झंझारपुर, सीतामढ़ी, रक्सौल और गोरखपुर होते हुए अमृतसर पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन की समय-सारणी, ठहराव और कोच संयोजन पूर्ववत ही रहेंगे।

    निर्णय का स्वागत, कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ी

    ट्रेन के फेरे बढ़ाए जाने के फैसले का स्थानीय यात्री संगठनों और आम जनता ने स्वागत किया है। प्रतिनिधियों का कहना है कि झंझारपुर और आसपास के रेलवे स्टेशनों से पंजाब व हरियाणा जाने वाले यात्रियों, मजदूरों और विद्यार्थियों की हमेशा भारी भीड़ रहती है। फेरे बढ़ने से यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और लंबी दूरी का सफर अधिक आसान हो सकेगा।

  • झंझारपुर जंक्शन का बदलेगा स्वरूप: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ₹35.11 करोड़ से होगा कायाकल्प

    झंझारपुर जंक्शन का बदलेगा स्वरूप: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ₹35.11 करोड़ से होगा कायाकल्प

    झंझारपुर/समस्तीपुर: झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। स्थानीय सांसद श्री रामप्रीत मंडल की उपस्थिति में हुई उच्च स्तरीय रेलवे बैठक में यह खुलासा हुआ है कि झंझारपुर जंक्शन को विश्वस्तरीय बनाने के लिए ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत ₹35.11 करोड़ की भारी-भरकम राशि मंजूर की गई है। इस योजना के तहत स्टेशन पर मिथिला संस्कृति की झलक वाला एक नया भव्य स्टेशन भवन (Fasade) बनाया जाएगा, सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार और सुधार होगा, तथा आधुनिक प्रतीक्षालय (Waiting Hall) व नए शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म पर डिजिटल कोच इंडिकेटर डिस्प्ले, प्लेटफॉर्म डिस्प्ले बोर्ड और नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) की व्यवस्था की जा रही है। पूरे पुनर्विकास कार्य को पूरा करने का लक्ष्य 31 दिसंबर 2027 रखा गया है।

    यात्रियों की सहूलियत के लिए दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए स्टेशन पर विशेष रूप से रेलिंग युक्त रैंप और व्हीलचेयर की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा परिसर को चमकाने के लिए हाई मास्ट लाइटें लगाने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, जिसे 15 अगस्त 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए झंझारपुर के साथ-साथ क्षेत्र के घोघरडीहा, महरैल, वाचस्पतिनगर, खुटौना और लौकहा स्टेशनों पर भी जल्द ही सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया जाएगा। सड़क यातायात को सुगम बनाने के लिए झंझारपुर-राम चौक और खुटौना-बरेल चौक के पास रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और अंडरपास बनाने की प्रक्रिया भी चल रही है।

    रेलखंड के विकास की बात करें तो झंझारपुर-लौकहा रूट पर निर्माणाधीन तीन बड़े रेल पुलों का कार्य इसी साल सितंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही लौकहा में मार्च 2027 तक वाशिंग पिट और सिक लाइन बनकर तैयार हो जाएगी, जिससे यहाँ से लंबी दूरी की नई ट्रेनें खुल सकेंगी। सांसद ने बैठक में बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का विस्तार झंझारपुर तक करने, घोघरडीहा में अमृत भारत ट्रेन का ठहराव देने और भविष्य में इस रूट पर ‘नमो भारत’ सहित इंदौर व कटरा के लिए नई सुपरफास्ट ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव भी रेलवे बोर्ड के समक्ष मजबूती से रखा है।

  • पूर्णिया कोर्ट एवं सहरसा से आनंद विहार के लिए चलायी जा रही स्पेशल ट्रेनों के समय सारणी में संशोधन

    पूर्णिया कोर्ट एवं सहरसा से आनंद विहार के लिए चलायी जा रही स्पेशल ट्रेनों के समय सारणी में संशोधन

    यात्रियों की सुविधाओं के मद्देनजर पूर्व मध्य रेल द्वारा सहरसा एवं पूर्णिया कोर्ट से आनंद विहार तक के लिए चलायी जा रही स्पेशल ट्रेनों के समय सारणी में संशोधन किया जा रहा है। इससे यात्रीगण अब पहले की तुलना में कम समय में आनंद विहार पहुंच सकेंगे ।

    विदित हो कि पहले जहां पूर्णिया कोर्ट से आनंद विहार जाने वाली स्पेशल 05579 को 32.30 घंटा समय लगता था वहीं अब संशोधित समयानुसार यह सफर 30 घंटे में ही पूरा हो सकेगा अर्थात 02.30 घंटे समय की बचत होगी। इसी तरह सहरसा से चलकर आनंद विहार जाने वाली स्पेशल 05575 को 29 घंटा लगता था वहीं अब संशोधित समयानुसार यह सफर 28 घंटे में ही पूरा हो सकेगा अर्थात 01.00 घंटे समय की बचत होगी ।

    दोनों स्पेशल ट्रेनों की संशोधित समय सारणी निम्नानुसार होगी

    गाड़ी संख्या 05579/05580 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल: गाड़ी संख्या 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल दिनांक 15.05.2026 से प्रत्येक शुक्रवार एवं रविवार को पूर्णिया कोर्ट से 16.30 बजे के बजाए संशोधित समयानुसार 19.00 बजे खुलकर 19.28 बजे बनमनखी, 19.50 बजे मुरलीगंज, 20.15 बजे दौरम मधेपुरा, 20.40 बजे सरहसा, 21.15 बजे गढ़ बरूआरी, 21.30 बजे सुपौल, 22.10 न्यू झाझा जं., 22.40 बजे निर्मली, 22.53 बजे घोघरडीहा, 23.20 बजे झंझारपुर, 23.42 बजे सकरी, दूसरे दिन 00.40 बजे शिशो, 01.20 बजे जनकपुर रोड, 02.00 बजे सीतामढ़ी, 02.35 बजे बरगैनिया, 03.40 बजे रक्सौल, 04.40 बजे नरकटियागंज एवं 05.30 बजे बगहा सहित विभिन्न स्टेशनों पर रूकते हुए तीसरे दिन 01.05 बजे आनंद विहार पहुंचेगी ।

    वापसी में, गाड़ी संख्या 05580 आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 17.05.2026 से प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को आनंद विहार से 05.15 बजे खुलकर विभिन्न स्टेशनों पर रूकते हुए संशोधित समयानुसार 23.20 बजे बगहा, अगले दिन 00.10 बजे नरकटियागंज, 01.10 बजे रक्सौल, 02.02 बजे बैरगनिया, 02.40 बजे सीतामढ़ी, 03.17 बजे जनकपुर रोड, 03.45 बजे शिशो, 04.13 बजे सकरी, 04.35 बजे झंझारपुर, 04.53 बजे घोघरडीहा, 05.13 बजे निर्मली, 05.45 बजे न्यू झाझा जं., 07.28 बजे सुपौल, 08.00 बजे गढ़ बरूआरी, 09.05 बजे सहरसा, 09.48 बजे दौरम मधेपुरा, 10.13 बजे मुरलीगंज, 10.31 बजे बनमनखी स्टेशनों पर रूकते हुए 13.45 बजे के बजाए 11.30 बजे ही पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी ।

    गाड़ी संख्या 05575/05576 सहरसा-आनंद विहार-सहरसा स्पेशल: गाड़ी संख्या 05575 सहरसा-आनंद विहार स्पेशल 19.05.2026 से प्रत्येक मंगलवार को सहरसा से 21.00 बजे के बजाए संशोधित समयानुसार 20.00 बजे खुलकर 21.15 बजे गढ़ बरूआरी, 21.30 बजे सुपौल, 22.10 न्यू झाझा जं., 22.40 बजे निर्मली, 22.53 बजे घोघरडीहा, 23.20 बजे झंझारपुर, 23.42 बजे सकरी, दूसरे दिन 00.40 बजे शिशो, 01.20 बजे जनकपुर रोड, 02.00 बजे सीतामढ़ी, 02.35 बजे बरगैनिया, 03.40 बजे रक्सौल, 04.40 बजे नरकटियागंज एवं 05.30 बजे बगहा सहित विभिन्न स्टेशनों पर रूकते हुए तीसरे दिन 01.05 बजे आनंद विहार पहुंचेगी ।

    वापसी में गाड़ी संख्या 05576 आनंद विहार-सहरसा स्पेशल 21.05.2026 से प्रत्येक गुरूवार को आनंद विहार से 05.15 बजे खुलकर संशोधित समयानुसार 23.20 बजे बगहा, अगले दिन 00.10 बजे नरकटियागंज, 01.10 बजे रक्सौल, 02.02 बजे बैरगनिया, 02.40 बजे सीतामढ़ी, 03.17 बजे जनकपुर रोड, 03.45 बजे शिशो, 04.13 बजे सकरी, 04.35 बजे झंझारपुर, 04.53 बजे घोघरडीहा, 05.13 बजे निर्मली, 05.45 बजे न्यू झाझा जं., 07.28 बजे सुपौल, 08.00 बजे गढ़ बरूआरी स्टेशनों पर रूकते हुए 10.30 बजे के बजाए 09.05 बजे ही सहरसा पहुंचेगी ।

  • झंझारपुर से पहली बार चलेगी उधना की ट्रेन: मिथिला के यात्रियों को मिली बड़ी सौगात

    झंझारपुर से पहली बार चलेगी उधना की ट्रेन: मिथिला के यात्रियों को मिली बड़ी सौगात

    मिथिला क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए एक उत्साहजनक खबर है। रेलवे ने झंझारपुर और उधना (सूरत) के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

    गाड़ी संख्या 09045 उधना – झंझारपुर स्पेशल ट्रेन 03 मई (रविवार) को उधना से प्रस्थान करेगी, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 09046 झंझारपुर – उधना स्पेशल ट्रेन 04 मई (सोमवार) को झंझारपुर से अपनी यात्रा शुरू करेगी। इस ट्रेन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें सभी जनरल कोच लगाए गए हैं, जिससे कम बजट में यात्रा करने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी।

    समय सारणी की बात करें तो उधना जंक्शन से यह ट्रेन रात 01:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 05:00 बजे झंझारपुर पहुँचेगी। वापसी में, झंझारपुर से यह ट्रेन शाम 07:30 बजे खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 07:45 बजे उधना जंक्शन पहुँचेगी।

    यह ट्रेन अपने मार्ग में नंदुरबार, भुसावल जंक्शन, इटारसी जंक्शन, जबलपुर, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर जंक्शन, हाजीपुर जंक्शन, मुजफ्फरपुर जंक्शन, समस्तीपुर जंक्शन, दरभंगा जंक्शन और सकरी जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

    विशेष रूप से समस्तीपुर में यह 30 मिनट और मुजफ्फरपुर व दरभंगा में 5-5 मिनट का ठहराव लेगी, जिससे उत्तर बिहार के यात्रियों को जुड़ने का भरपूर समय मिलेगा।

  • झंझारपुर और फिरोजपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

    झंझारपुर और फिरोजपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

    झंझारपुर/मधुबनी: उत्तर बिहार के यात्रियों, विशेषकर मिथिलांचल क्षेत्र के लोगों के लिए भारतीय रेलवे ने एक बड़ी सौगात पेश की है। रेल प्रशासन ने झंझारपुर और पंजाब के फिरोजपुर कैंट के बीच गाड़ी संख्या 04620/04619 फिरोजपुर-झंझारपुर-फिरोजपुर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

    यह कदम गर्मियों की छुट्टियों और यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उठाया गया है, जिससे पंजाब में कार्यरत बिहार के श्रमिकों और आम यात्रियों को आवागमन में अत्यधिक सुविधा होगी।

    परिचालन का समय और शेड्यूल:

    समय सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 04620 फिरोजपुर कैंट से प्रत्येक शनिवार को दोपहर 14:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 23:30 बजे झंझारपुर जंक्शन पहुँचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या 04619 झंझारपुर जंक्शन से प्रत्येक सोमवार को रात 01:00 बजे (सोमवार की अलसुबह) खुलेगी और अगले दिन सुबह 10:40 बजे फिरोजपुर कैंट पहुँचेगी। यह सेवा फिरोजपुर से 18 अप्रैल से 23 मई 2026 तक और झंझारपुर से 20 अप्रैल से 25 मई 2026 के बीच प्रभावी रहेगी।

    इन प्रमुख शहरों को मिलेगा लाभ:

    यह ट्रेन अपने लंबे सफर के दौरान जालंधर सिटी, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और सकरी जैसे महत्वपूर्ण जंक्शनों पर रुकेगी। इस विस्तृत रूट के कारण न केवल झंझारपुर बल्कि पूरे तराई क्षेत्र और सीमावर्ती इलाकों के लोगों को पंजाब और हरियाणा के प्रमुख औद्योगिक शहरों तक पहुँचने के लिए अब अन्य ट्रेनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

    कोच संरचना और सुविधा:

    रेलवे के आधिकारिक नोटिस के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन की कोच संरचना गाड़ी संख्या 14611/14612 के अनुरूप होगी। इसमें सामान्य श्रेणी के साथ-साथ शयनयान (Sleeper) और वातानुकूलित (AC) कोच भी शामिल होंगे, जिससे हर वर्ग के यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार टिकट बुक करने का विकल्प मिलेगा। स्थानीय लोगों ने रेलवे के इस फैसले का स्वागत किया है, क्योंकि इससे झंझारपुर से पंजाब की ओर जाने वाले यात्रियों को एक सुलभ विकल्प मिल गया है।

  • जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी पर पथराव करने वाला आरोपी गिरफ्तार

    जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी पर पथराव करने वाला आरोपी गिरफ्तार

    मधुबनी: झंझारपुर-निर्मली रेलखंड पर ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं के विरुद्ध रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते 3 अप्रैल 2026 को गाड़ी संख्या 13211 जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस पर हुए पथराव के मामले में आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी मधुबनी जिले के अररिया संग्राम थाना क्षेत्र के खरोआ ग्राम का निवासी भीम कुमार सदाय बताया जा रहा है।

    घटना का विवरण और गिरफ्तारी

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल को जब जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस तमुरिया स्टेशन के समीप थी, तभी अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा ट्रेन पर पथराव किया गया। इस पथराव में ट्रेन के कोच संख्या B-1 का विंडो ग्लास (खिड़की का शीशा) पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इस गंभीर घटना को लेकर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, दरभंगा में रेल अधिनियम की धारा 153 के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में 4 अप्रैल 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर तमुरिया स्टेशन के पास से भीम कुमार सदाय को हिरासत में लिया गया।

    विवाद के कारण पत्थरबाजी और आरोपी का कबूलनामा

    पूछताछ के दौरान आरोपी भीम कुमार सदाय ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदि है। घटना वाले दिन ट्रेन में उसका किसी सहयात्री के साथ झगड़ा हो गया था। उसी विवाद के कारण उसने सहयात्री को मारने की नीयत से पत्थर चलाया था, लेकिन निशाना चूक गया और पत्थर सीधे कोच के खिड़की वाले शीशे पर जा लगा, जिससे वह टूट गया। आरपीएफ ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अग्रिम कार्रवाई हेतु रेलवे न्यायालय, समस्तीपुर भेज दिया है।

  • लौकहा बाजार- आनंद विहार स्पेशल अब तीन माह तक प्रतिदिन चलेगी, परिचालन अवधि का हुआ विस्तार

    लौकहा बाजार- आनंद विहार स्पेशल अब तीन माह तक प्रतिदिन चलेगी, परिचालन अवधि का हुआ विस्तार

    पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर द्वारा यात्रियों की सुविधाओं और ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के दबाव को कम करने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है । उत्तर रेलवे से प्राप्त निर्देशों के बाद, आनंद विहार टर्मिनल से लौकहा बाजार (ANVT-LKQ) के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन संख्या 04014 और वापसी में 04013 के परिचालन समय में बड़ा विस्तार किया गया है । यह विस्तार आगामी ग्रीष्मकालीन अवकाश और यात्रियों की निरंतर मांग को देखते हुए किया गया है, ताकि रेल यात्रियों को सुगम और सुरक्षित सफर का अनुभव मिल सके ।

    विस्तृत समय सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 04014 आनंद विहार-लौकहा बाजार स्पेशल, जो पूर्व में 2 अप्रैल 2026 तक अधिसूचित थी, अब 5 अप्रैल से बढ़ाकर 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन चलाई जाएगी । इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 04013 लौकहा बाजार-आनंद विहार स्पेशल का परिचालन 6 अप्रैल से शुरू होकर 16 जुलाई 2026 तक विस्तारित किया गया है । दोनों दिशाओं में रेलवे द्वारा कुल 102-102 अतिरिक्त फेरों का प्रावधान किया गया है, जिससे लंबी प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में काफी सहूलियत होगी ।

    इस ट्रेन की संरचना की बात करें तो इसमें कुल 18 कोच लगाए गए हैं, जिनमें वातानुकूलित द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी (ACCW, ACCN), शयनयान श्रेणी (GSCN) और सामान्य श्रेणी (GS) के डिब्बे शामिल हैं। ट्रेनों के मार्ग, ठहराव और समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है और ये अपने पुराने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही चलेंगी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन स्पेशल ट्रेनों को नियमित सुपरफास्ट या मेल एक्सप्रेस ट्रेनों की तरह ही प्राथमिकता दी जाए ताकि इनके समय पालन को सुनिश्चित किया जा सके।

    रेलवे के इस निर्णय से उन हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा जो बिहार और दिल्ली के बीच यात्रा करते हैं। विशेष रूप से त्योहारों के बाद और गर्मियों की छुट्टियों के दौरान होने वाली भीड़ में इस ट्रेन का विस्तार संजीवनी की तरह काम करेगा।

    बता दें कि झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री रामप्रीत मंडल जी ने अपने एक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी की 04013/14 को नियमित कर दिया गया है। जिसकी जानकारी माननीय सांसद को माननीय रेलमंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के द्वारा दी गई है। हालांकि वर्त्तमान में इस ट्रेन का परिचालन अभी स्पेशल ट्रेन के रूप में किया जा रहा है भविष्य में इसे नियमित करने की तैयारी है।

  • भारी तूफान के बीच रेलकर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा, समस्तीपुर रेल मंडल ने पेश की सेवा और सुरक्षा की मिसाल

    भारी तूफान के बीच रेलकर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा, समस्तीपुर रेल मंडल ने पेश की सेवा और सुरक्षा की मिसाल

    समस्तीपुर रेल मंडल के झंझारपुर-सरायगढ़ रेलखंड पर स्थित परसा बसुआरी हाल्ट पर बीती रात आए भीषण चक्रवाती तूफान ने जनजीवन को प्रभावित किया, लेकिन रेल प्रशासन की मुस्तैदी ने एक बड़ी अनहोनी को टालते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

    तेज हवाओं के कारण स्टेशन का शेड उखड़कर रेल ट्रैक पर आ गिरा और ओएचई (OHE) का स्टेडी आर्म भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में रेलवे की सुरक्षा प्रणाली ने तुरंत काम किया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के कारण गाड़ी संख्या 63380 को रात 21.33 बजे से 01.00 बजे तक परसा बसुआरी हाल्ट पर ही सुरक्षित रोक दिया गया, जबकि गाड़ी संख्या 75217 को एहतियात के तौर पर तमुरिया स्टेशन पर खड़ा रखा गया।

    प्रतिकूल मौसम और घने अंधेरे के बावजूद रेल अधिकारियों और तकनीकी टीम ने गजब का साहस और समर्पण दिखाया। जैसे ही तूफान की तीव्रता कम हुई, रेलवे की टेक्निकल टीम और राहत बचाव दल ने मोर्चा संभाला।

    वीडियो और तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे रेलकर्मी पूरी तन्मयता के साथ ऊंचे टावर वैगन पर चढ़कर क्षतिग्रस्त ओएचई लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे रहे। ट्रैक पर गिरे भारी-भरकम शेड और पेड़ की टहनियों को हटाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया गया। रेलकर्मियों के इस भगीरथ प्रयास का ही परिणाम था कि कुछ ही घंटों के भीतर ट्रैक को पूरी तरह साफ कर परिचालन बहाल कर दिया गया।

    रेलवे प्रशासन ने इस दौरान यात्रियों के धैर्य और सहयोग की भी सराहना की है। जिस तत्परता से समस्तीपुर मंडल ने इस प्राकृतिक आपदा का सामना किया, वह न केवल उनकी कार्यकुशलता को दर्शाता है बल्कि यह भी सिद्ध करता है कि भारतीय रेल अपने यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर परिस्थिति में अडिग है।

    रात भर चले इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ट्रेनों का आवागमन फिर से सुचारू हो गया, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली। यह घटना रेलकर्मियों के उस अटूट सेवा भाव का प्रमाण है जो कठिन से कठिन समय में भी देश की जीवनरेखा को थ थमने नहीं देते।