झंझारपुर/समस्तीपुर: झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। स्थानीय सांसद श्री रामप्रीत मंडल की उपस्थिति में हुई उच्च स्तरीय रेलवे बैठक में यह खुलासा हुआ है कि झंझारपुर जंक्शन को विश्वस्तरीय बनाने के लिए ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत ₹35.11 करोड़ की भारी-भरकम राशि मंजूर की गई है। इस योजना के तहत स्टेशन पर मिथिला संस्कृति की झलक वाला एक नया भव्य स्टेशन भवन (Fasade) बनाया जाएगा, सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार और सुधार होगा, तथा आधुनिक प्रतीक्षालय (Waiting Hall) व नए शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म पर डिजिटल कोच इंडिकेटर डिस्प्ले, प्लेटफॉर्म डिस्प्ले बोर्ड और नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) की व्यवस्था की जा रही है। पूरे पुनर्विकास कार्य को पूरा करने का लक्ष्य 31 दिसंबर 2027 रखा गया है।

यात्रियों की सहूलियत के लिए दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए स्टेशन पर विशेष रूप से रेलिंग युक्त रैंप और व्हीलचेयर की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा परिसर को चमकाने के लिए हाई मास्ट लाइटें लगाने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, जिसे 15 अगस्त 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए झंझारपुर के साथ-साथ क्षेत्र के घोघरडीहा, महरैल, वाचस्पतिनगर, खुटौना और लौकहा स्टेशनों पर भी जल्द ही सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया जाएगा। सड़क यातायात को सुगम बनाने के लिए झंझारपुर-राम चौक और खुटौना-बरेल चौक के पास रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और अंडरपास बनाने की प्रक्रिया भी चल रही है।
रेलखंड के विकास की बात करें तो झंझारपुर-लौकहा रूट पर निर्माणाधीन तीन बड़े रेल पुलों का कार्य इसी साल सितंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही लौकहा में मार्च 2027 तक वाशिंग पिट और सिक लाइन बनकर तैयार हो जाएगी, जिससे यहाँ से लंबी दूरी की नई ट्रेनें खुल सकेंगी। सांसद ने बैठक में बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का विस्तार झंझारपुर तक करने, घोघरडीहा में अमृत भारत ट्रेन का ठहराव देने और भविष्य में इस रूट पर ‘नमो भारत’ सहित इंदौर व कटरा के लिए नई सुपरफास्ट ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव भी रेलवे बोर्ड के समक्ष मजबूती से रखा है।
Discover more from Star Mithila News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


