अयोध्या धाम से जनकपुर धाम तक सीधी रेल सौगात: दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, जानें बुकिंग और सफर के नियम
Join WhatsApp Channel
अयोध्या धाम से जनकपुर धाम तक सीधी रेल सौगात: दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, जानें बुकिंग और सफर के नियम
पटना / नई दिल्ली: भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करते हुए भारतीय रेल ने अयोध्या धाम से जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ (गाड़ी सं. 15596/15595) शुरू करने का महत्वपूर्ण कदम उठाया है। लगभग 600 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या धाम और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर धाम को सीधे रेल मार्ग से जोड़ेगी, जिससे श्रद्धालुओं और यात्रियों का सफर बेहद आसान हो जाएगा।
यह ट्रेन उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल को जोड़ते हुए मार्ग में यूपी के मनकापुर, बस्ती व गोरखपुर तथा बिहार के नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशनों पर रुकेगी। इस सेवा के शुरू होने से रामायण टूरिज्म सर्किट को नई गति मिलेगी और तीर्थयात्रियों व पर्यटकों के लिए सीमा पार यात्रा अधिक सुगम हो जाएगी। इसके साथ ही पढ़ाई, कारोबार और पारिवारिक कार्यों से आवाजाही करने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय व्यापार, पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा।
जनकपुर धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए माता जानकी को समर्पित प्रसिद्ध जानकी मंदिर स्टेशन से मात्र 1.25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। कम दूरी होने के कारण यात्री यहां ई-रिक्शा, साइकिल रिक्शा, ऑटो, टैक्सी या निजी वाहनों के साथ-साथ पैदल भी आसानी से मंदिर पहुंच सकेंगे, जिससे दर्शन-पूजन में खासी सहूलियत होगी।
रेलवे बोर्ड के अनुसार, इस पूर्णतः आरक्षित साप्ताहिक ट्रेन में केवल भारत और नेपाल के नागरिक ही निर्धारित वैध पहचान-पत्र के साथ यात्रा कर सकेंगे। भारत में यात्री ऑनलाइन व किसी भी PRS काउंटर से टिकट बुक कर सकेंगे, जबकि नेपाल में IRCTC वेबसाइट/मोबाइल ऐप और अधिकृत एजेंटों के माध्यम से बुकिंग की सुविधा मिलेगी। इस ट्रेन में अधिकतम 60 दिन पहले अग्रिम आरक्षण कराया जा सकेगा और केवल कन्फर्म टिकट ही जारी होंगे। इसमें RAC के साथ-साथ तत्काल, प्रीमियम तत्काल, लेडीज, सीनियर सिटीजन और इमरजेंसी कोटा की सुविधा नहीं होगी, जबकि 70% सीटें End to End Quota और 30% सीटें Road Side Quota के लिए निर्धारित रहेंगी।
यात्रियों को सामान और बच्चों से जुड़े नियमों का भी विशेष ध्यान रखना होगा। प्रत्येक यात्री अधिकतम दो सामान साथ ले जा सकेंगे, जिसकी निःशुल्क सीमा प्रथम एसी के लिए 70 किग्रा, द्वितीय एसी के लिए 50 किग्रा तथा तृतीय एसी और शयनयान श्रेणी के लिए 40-40 किग्रा तय की गई है; इससे अधिक सामान पर नियमानुसार अतिरिक्त शुल्क लगेगा और पार्सल व माल बुकिंग की अनुमति नहीं होगी। वहीं, बच्चों के लिए बर्थ लेने पर वयस्क किराया और बर्थ न लेने पर निर्धारित बाल किराया लागू होगा, तथा आरक्षण के समय राष्ट्रीयता और पहचान का विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा।
Reporter से सवाल पूछें
सवाल भेजने के लिए login करें।
लॉगिन करें




कमेंट
Read more →अभी कोई स्वीकृत कमेंट नहीं है।