ऑपरेशन अमानत की कमाल: झंझारपुर आरपीएफ ने महिला यात्री को लौटाया ट्रेन में छूटा 4 हजार का कंबल
Join WhatsApp Channel
झंझारपुर (मधुबनी) / समस्तीपुर: पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) आउट पोस्ट झंझारपुर की टीम ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक महिला यात्री का ट्रेन में छूटा सामान सुरक्षित बरामद कर उसे वापस सौंप दिया है। ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत की गई इस त्वरित कार्रवाई से यात्री ने राहत की सांस ली और आरपीएफ के प्रति आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को ‘रेल मदद’ पोर्टल पर शिकायत संदर्भ संख्या 2026112305112 एवं 2026112305354 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 14628 के झंझारपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर पहुंचने के बाद एक महिला यात्री का कंबल ट्रेन में छूट गया है। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ अधिकारी और बल सदस्यों ने बिना समय गंवाए संबंधित कोच की जांच की और छूटे हुए कंबल को सुरक्षित बरामद कर लिया।
सामान मिलने के बाद आरपीएफ ने उसे अपनी सुरक्षित अभिरक्षा में रखा और शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी दी। इसके अगले दिन, 24 नवंबर 2026 को सीतामढ़ी जिले के परसौनी थाना क्षेत्र अंतर्गत घरवार (वार्ड संख्या 18) निवासी शिकायतकर्ता कौशल्या देवी (पति संजीत ठाकुर) आरपीएफ आउट पोस्ट झंझारपुर पहुंचीं।
आउट पोस्ट पर यात्री से आवश्यक पूछताछ और दस्तावेजों व पहचान का उचित सत्यापन किया गया। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद लगभग 4,000 रुपये अनुमानित मूल्य का कंबल सही-सलामत कौशल्या देवी को सुपुर्द कर दिया गया। अपना सामान सुरक्षित पाकर महिला यात्री बेहद खुश नजर आईं और उन्होंने आरपीएफ टीम की सराहना की।
आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक, ‘ऑपरेशन अमानत’ यात्रियों की खोई या छूटी हुई संपत्ति को सुरक्षित ढूंढकर उनके असली मालिक तक पहुंचाने के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान है। झंझारपुर आउट पोस्ट की यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और उनकी संपत्ति की हिफाजत के प्रति रेलवे सुरक्षा बल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Reporter से सवाल पूछें
सवाल भेजने के लिए login करें।
लॉगिन करें




कमेंट
Read more →अभी कोई स्वीकृत कमेंट नहीं है।