महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने किया झंझारपुर जंक्शन का गहन निरीक्षण, प्लेटफॉर्म विस्तार और छठ तैयारियों का लिया जायजा
Join WhatsApp Channel
झंझारपुर: पूर्व मध्य रेल की महाप्रबंधक (GM) डिम्पी गर्ग एवं समस्तीपुर मंडल के रेल प्रबंधक (DRM) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने शुक्रवार को झंझारपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान रेलवे के कई प्रमुख वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे, जिनमें मुख्य परिचालन प्रबंधक (PCOM) इंदु रानी दुबे, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र एवं आरपीएफ कमांडेंट राकेश कुमार सिंह शामिल थे।
निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने पर्व के दौरान आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के सुगम आवागमन को लेकर स्टेशन परिसर में पुख्ता इंतजाम रखने तथा सभी आवश्यक सुविधाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने विशेष रूप से प्लेटफॉर्म संख्या चार का निरीक्षण किया। इस दौरान प्लेटफॉर्म के विकास, विस्तार एवं स्टेशन पर भविष्य में होने वाले नए निर्माण कार्यों की संभावनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद उन्होंने स्टेशन परिसर स्थित प्रतीक्षालय का भी जायजा लिया और वहां यात्रियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी ली।
रेल महाप्रबंधक के इस दौरे को झंझारपुर जंक्शन के चहुंमुखी विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर प्लेटफॉर्म संख्या चार के विकास और नए निर्माण की दिशा में हुई इस सकारात्मक चर्चा से क्षेत्र के लोगों में रेलवे सुविधाओं के और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।
Reporter से सवाल पूछें
सवाल भेजने के लिए login करें।
लॉगिन करें


कमेंट
Read more →अभी कोई स्वीकृत कमेंट नहीं है।