News Area: झंझारपुर

Jhanjharpur

  • झंझारपुर से पहली बार चलेगी उधना की ट्रेन: मिथिला के यात्रियों को मिली बड़ी सौगात

    झंझारपुर से पहली बार चलेगी उधना की ट्रेन: मिथिला के यात्रियों को मिली बड़ी सौगात

    मिथिला क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए एक उत्साहजनक खबर है। रेलवे ने झंझारपुर और उधना (सूरत) के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

    गाड़ी संख्या 09045 उधना – झंझारपुर स्पेशल ट्रेन 03 मई (रविवार) को उधना से प्रस्थान करेगी, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 09046 झंझारपुर – उधना स्पेशल ट्रेन 04 मई (सोमवार) को झंझारपुर से अपनी यात्रा शुरू करेगी। इस ट्रेन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें सभी जनरल कोच लगाए गए हैं, जिससे कम बजट में यात्रा करने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी।

    समय सारणी की बात करें तो उधना जंक्शन से यह ट्रेन रात 01:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 05:00 बजे झंझारपुर पहुँचेगी। वापसी में, झंझारपुर से यह ट्रेन शाम 07:30 बजे खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 07:45 बजे उधना जंक्शन पहुँचेगी।

    यह ट्रेन अपने मार्ग में नंदुरबार, भुसावल जंक्शन, इटारसी जंक्शन, जबलपुर, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर जंक्शन, हाजीपुर जंक्शन, मुजफ्फरपुर जंक्शन, समस्तीपुर जंक्शन, दरभंगा जंक्शन और सकरी जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

    विशेष रूप से समस्तीपुर में यह 30 मिनट और मुजफ्फरपुर व दरभंगा में 5-5 मिनट का ठहराव लेगी, जिससे उत्तर बिहार के यात्रियों को जुड़ने का भरपूर समय मिलेगा।

  • झंझारपुर और फिरोजपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

    झंझारपुर और फिरोजपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

    झंझारपुर/मधुबनी: उत्तर बिहार के यात्रियों, विशेषकर मिथिलांचल क्षेत्र के लोगों के लिए भारतीय रेलवे ने एक बड़ी सौगात पेश की है। रेल प्रशासन ने झंझारपुर और पंजाब के फिरोजपुर कैंट के बीच गाड़ी संख्या 04620/04619 फिरोजपुर-झंझारपुर-फिरोजपुर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

    यह कदम गर्मियों की छुट्टियों और यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उठाया गया है, जिससे पंजाब में कार्यरत बिहार के श्रमिकों और आम यात्रियों को आवागमन में अत्यधिक सुविधा होगी।

    परिचालन का समय और शेड्यूल:

    समय सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 04620 फिरोजपुर कैंट से प्रत्येक शनिवार को दोपहर 14:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 23:30 बजे झंझारपुर जंक्शन पहुँचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या 04619 झंझारपुर जंक्शन से प्रत्येक सोमवार को रात 01:00 बजे (सोमवार की अलसुबह) खुलेगी और अगले दिन सुबह 10:40 बजे फिरोजपुर कैंट पहुँचेगी। यह सेवा फिरोजपुर से 18 अप्रैल से 23 मई 2026 तक और झंझारपुर से 20 अप्रैल से 25 मई 2026 के बीच प्रभावी रहेगी।

    इन प्रमुख शहरों को मिलेगा लाभ:

    यह ट्रेन अपने लंबे सफर के दौरान जालंधर सिटी, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और सकरी जैसे महत्वपूर्ण जंक्शनों पर रुकेगी। इस विस्तृत रूट के कारण न केवल झंझारपुर बल्कि पूरे तराई क्षेत्र और सीमावर्ती इलाकों के लोगों को पंजाब और हरियाणा के प्रमुख औद्योगिक शहरों तक पहुँचने के लिए अब अन्य ट्रेनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

    कोच संरचना और सुविधा:

    रेलवे के आधिकारिक नोटिस के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन की कोच संरचना गाड़ी संख्या 14611/14612 के अनुरूप होगी। इसमें सामान्य श्रेणी के साथ-साथ शयनयान (Sleeper) और वातानुकूलित (AC) कोच भी शामिल होंगे, जिससे हर वर्ग के यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार टिकट बुक करने का विकल्प मिलेगा। स्थानीय लोगों ने रेलवे के इस फैसले का स्वागत किया है, क्योंकि इससे झंझारपुर से पंजाब की ओर जाने वाले यात्रियों को एक सुलभ विकल्प मिल गया है।

  • जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी पर पथराव करने वाला आरोपी गिरफ्तार

    जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी पर पथराव करने वाला आरोपी गिरफ्तार

    मधुबनी: झंझारपुर-निर्मली रेलखंड पर ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं के विरुद्ध रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते 3 अप्रैल 2026 को गाड़ी संख्या 13211 जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस पर हुए पथराव के मामले में आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी मधुबनी जिले के अररिया संग्राम थाना क्षेत्र के खरोआ ग्राम का निवासी भीम कुमार सदाय बताया जा रहा है।

    घटना का विवरण और गिरफ्तारी

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल को जब जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस तमुरिया स्टेशन के समीप थी, तभी अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा ट्रेन पर पथराव किया गया। इस पथराव में ट्रेन के कोच संख्या B-1 का विंडो ग्लास (खिड़की का शीशा) पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इस गंभीर घटना को लेकर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, दरभंगा में रेल अधिनियम की धारा 153 के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में 4 अप्रैल 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर तमुरिया स्टेशन के पास से भीम कुमार सदाय को हिरासत में लिया गया।

    विवाद के कारण पत्थरबाजी और आरोपी का कबूलनामा

    पूछताछ के दौरान आरोपी भीम कुमार सदाय ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदि है। घटना वाले दिन ट्रेन में उसका किसी सहयात्री के साथ झगड़ा हो गया था। उसी विवाद के कारण उसने सहयात्री को मारने की नीयत से पत्थर चलाया था, लेकिन निशाना चूक गया और पत्थर सीधे कोच के खिड़की वाले शीशे पर जा लगा, जिससे वह टूट गया। आरपीएफ ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अग्रिम कार्रवाई हेतु रेलवे न्यायालय, समस्तीपुर भेज दिया है।

  • भारी तूफान के बीच रेलकर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा, समस्तीपुर रेल मंडल ने पेश की सेवा और सुरक्षा की मिसाल

    भारी तूफान के बीच रेलकर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा, समस्तीपुर रेल मंडल ने पेश की सेवा और सुरक्षा की मिसाल

    समस्तीपुर रेल मंडल के झंझारपुर-सरायगढ़ रेलखंड पर स्थित परसा बसुआरी हाल्ट पर बीती रात आए भीषण चक्रवाती तूफान ने जनजीवन को प्रभावित किया, लेकिन रेल प्रशासन की मुस्तैदी ने एक बड़ी अनहोनी को टालते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

    तेज हवाओं के कारण स्टेशन का शेड उखड़कर रेल ट्रैक पर आ गिरा और ओएचई (OHE) का स्टेडी आर्म भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में रेलवे की सुरक्षा प्रणाली ने तुरंत काम किया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के कारण गाड़ी संख्या 63380 को रात 21.33 बजे से 01.00 बजे तक परसा बसुआरी हाल्ट पर ही सुरक्षित रोक दिया गया, जबकि गाड़ी संख्या 75217 को एहतियात के तौर पर तमुरिया स्टेशन पर खड़ा रखा गया।

    प्रतिकूल मौसम और घने अंधेरे के बावजूद रेल अधिकारियों और तकनीकी टीम ने गजब का साहस और समर्पण दिखाया। जैसे ही तूफान की तीव्रता कम हुई, रेलवे की टेक्निकल टीम और राहत बचाव दल ने मोर्चा संभाला।

    वीडियो और तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे रेलकर्मी पूरी तन्मयता के साथ ऊंचे टावर वैगन पर चढ़कर क्षतिग्रस्त ओएचई लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे रहे। ट्रैक पर गिरे भारी-भरकम शेड और पेड़ की टहनियों को हटाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया गया। रेलकर्मियों के इस भगीरथ प्रयास का ही परिणाम था कि कुछ ही घंटों के भीतर ट्रैक को पूरी तरह साफ कर परिचालन बहाल कर दिया गया।

    रेलवे प्रशासन ने इस दौरान यात्रियों के धैर्य और सहयोग की भी सराहना की है। जिस तत्परता से समस्तीपुर मंडल ने इस प्राकृतिक आपदा का सामना किया, वह न केवल उनकी कार्यकुशलता को दर्शाता है बल्कि यह भी सिद्ध करता है कि भारतीय रेल अपने यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर परिस्थिति में अडिग है।

    रात भर चले इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ट्रेनों का आवागमन फिर से सुचारू हो गया, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली। यह घटना रेलकर्मियों के उस अटूट सेवा भाव का प्रमाण है जो कठिन से कठिन समय में भी देश की जीवनरेखा को थ थमने नहीं देते।

  • झंझारपुर: रेल सुरक्षा को लेकर RPF का बड़ा अभियान, पटरी पर सेल्फी और इयरफोन के खतरों से कराया रूबरू

    झंझारपुर: रेल सुरक्षा को लेकर RPF का बड़ा अभियान, पटरी पर सेल्फी और इयरफोन के खतरों से कराया रूबरू

    झंझारपुर (मधुबनी): पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में रेल सुरक्षा और यात्री संरक्षा को पुख्ता करने के लिए आरपीएफ (RPF) एक्शन मोड में है। रविवार को दरभंगा पोस्ट कमांडर के निर्देश पर झंझारपुर आउटपोस्ट की टीम ने झंझारपुर-लौकहा रेलखंड के कर्णपुर और बटोआ इलाकों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया।

    युवाओं को सख्त हिदायत: ‘शौक न बन जाए मौत’

    अभियान का नेतृत्व कर रहे प्रभारी अरबिंद कुमार और एएसआई विकास कुमार ने स्थानीय ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं को रेल नियमों का पाठ पढ़ाया। टीम ने स्पष्ट किया कि रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेना या इयरफोन लगाकर चलना केवल लापरवाही नहीं, बल्कि जानलेवा अपराध है। ग्रामीणों को समझाया गया कि ट्रैक पार करना कानूनन जुर्म है और ट्रेनों पर पत्थरबाजी करना या सिग्नल उपकरणों से छेड़छाड़ करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। इसके अलावा, मवेशियों को ट्रैक के पास न बांधने की अपील की गई ताकि रेल परिचालन बाधित न हो।

    नशाखुरानी गिरोह से बचने की सलाह

    आरपीएफ ने यात्रियों को सफर के दौरान अलर्ट रहने को कहा। टीम ने सलाह दी कि अनजान लोगों से खाने-पीने की चीजें न लें, क्योंकि यह नशाखुरानी गिरोह की साजिश हो सकती है। साथ ही, ट्रेन में पटाखे या ज्वलनशील पदार्थ ले जाने को पूरी तरह वर्जित बताया गया।

    झंझारपुर स्टेशन के नए शेड ने छोड़ा साथ, बारिश में ‘झरना’ बने प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3

    झंझारपुर: एक तरफ रेलवे आधुनिक सुविधाओं के दावे कर रहा है, तो दूसरी तरफ झंझारपुर स्टेशन की जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। पिछले दो दिनों की बारिश ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो और तीन की सूरत बिगाड़ दी है। यात्रियों के सिर ढकने के लिए बनाया गया शेड अब बारिश में ‘झरना’ बन चुका है।

    नए निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

    हैरानी की बात यह है कि स्टेशन का निर्माण नया है, फिर भी शेड में आधा दर्जन से अधिक जगहों पर लीकेज है। बारिश होते ही पूरा प्लेटफॉर्म किसी खुले मैदान जैसा दिखने लगता है। यात्रियों के बैठने वाली बेंचें पूरी तरह भीग जाती हैं, जिससे यात्रियों को खड़े रहकर या इधर-उधर भागकर खुद को बचाना पड़ता है।

    यात्रियों का दर्द: ‘स्टेशन पहुंचना अब सजा जैसा’

    ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री रमेश कुमार ने नाराजगी जताते हुए कहा, “नया स्टेशन होने के बावजूद पानी टपकना निर्माण में लापरवाही को दर्शाता है।” वहीं, छोटे बच्चों के साथ सफर कर रही महिला यात्रियों ने बताया कि स्टेशन परिसर में भीगना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में हुई कोताही के कारण यह नौबत आई है। यदि मानसून से पहले मरम्मत नहीं हुई, तो यात्रियों की मुसीबतें और बढ़ जाएंगी।

  • रांची-झंझारपुर और रांची-गोरखपुर स्पेशल ट्रेनें रद्द, जम्मू जाने वाली ट्रेनों के रूट में बदलाव

    रांची-झंझारपुर और रांची-गोरखपुर स्पेशल ट्रेनें रद्द, जम्मू जाने वाली ट्रेनों के रूट में बदलाव

    धनबाद। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की आवाजाही और परिचालनिक कारणों का हवाला देते हुए धनबाद, गोमो और बोकारो रेलखंड से होकर गुजरने वाली दो जोड़ी महत्वपूर्ण स्पेशल ट्रेनों के आगामी सभी फेरे रद्द कर दिए हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे की इस घोषणा से उत्तर बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ा झटका लगा है।

    रद्द की गई ट्रेनों का विवरण

    रेलवे प्रशासन के अनुसार, रांची से चलकर धनबाद और दरभंगा के रास्ते झंझारपुर तक जाने वाली स्पेशल ट्रेन (08105/08106) अब पटरी पर नहीं दिखेगी। इसी तरह, रांची से बोकारो, गोमो और गया के रास्ते गोरखपुर जाने वाली ट्रेन (08629/08640) की सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। इन ट्रेनों के रद्द होने की प्रमुख तिथियां इस प्रकार हैं:

    • रांची-झंझारपुर स्पेशल: 23 और 30 मार्च को रद्द।
    • झंझारपुर-रांची स्पेशल: 24 और 31 मार्च को रद्द।
    • रांची-गोरखपुर स्पेशल: 23 और 30 मार्च को रद्द।
    • गोरखपुर-रांची स्पेशल: 25 मार्च और 1 अप्रैल को रद्द।

    यात्रियों के लिए उपलब्ध विकल्प

    ट्रेनों के रद्द होने के बावजूद यात्रियों के लिए कुछ राहत भरी खबरें भी हैं। धनबाद से गोरखपुर जाने वाले यात्रियों के लिए धनबाद-गोरखपुर स्पेशल (23 व 30 मार्च) एक बेहतर विकल्प के रूप में उपलब्ध है, क्योंकि मौर्य एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। इस वैकल्पिक ट्रेन में स्लीपर से लेकर एसी कोच तक में पर्याप्त सीटें खाली हैं। वहीं, उत्तर बिहार जाने वाले यात्री राउरकेला-जयनगर एक्सप्रेस का सहारा ले सकते हैं, जिसमें फिलहाल सभी श्रेणियों में जगह उपलब्ध है।

    गर्मी की छुट्टियों में रूट डायवर्जन से बढ़ेगी परेशानी

    आगामी गर्मी की छुट्टियों के दौरान जम्मू की ओर जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उत्तर रेलवे में चल रहे विकास कार्यों के कारण टाटा-जम्मूतवी और संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस के मार्ग में मई और जून के महीनों में बदलाव किया गया है। अब ये ट्रेनें कानपुर और दिल्ली के बजाय खुर्जा, मेरठ सिटी, सहारनपुर और अंबाला कैंट होकर अपनी मंजिल तक पहुंचेंगी।

    परिवर्तित मार्ग से चलने वाली ट्रेनें:

    • 18101 टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस: 29 मई, 31 मई और 3 जून।
    • 18102 जम्मूतवी-टाटा एक्सप्रेस: 30 मई, 1 जून और 3 जून।
    • 18309 संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस: 30 मई, 1 जून और 2 जून।
    • 18310 जम्मूतवी-संबलपुर एक्सप्रेस: 31 मई, 2 जून और 4 जून।

  • झंझारपुर-निर्मली रेलखंड पर रेलवे का कड़ा प्रहार, सघन टिकट चेकिंग से यात्रियों में मचा हड़कंप

    झंझारपुर-निर्मली रेलखंड पर रेलवे का कड़ा प्रहार, सघन टिकट चेकिंग से यात्रियों में मचा हड़कंप

    झंझारपुर: भारतीय रेल द्वारा बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से आज दिनांक 14 मार्च 2026 को झंझारपुर-निर्मली रेलखंड पर एक वृहद जांच अभियान चलाया गया। मंडल वाणिज्य निरीक्षक झंझारपुर, रवि कुमार साहनी के कुशल नेतृत्व में टीम ने इस रेलखंड से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में सघन तलाशी ली। इस औचक कार्रवाई का मुख्य केंद्र दानापुर-जोगबनी इंटरसिटी एक्सप्रेस और सहरसा-लहरियासराय मेमू ट्रेन रही, जहाँ चेकिंग टीम ने ट्रेन के हर कोच में जाकर यात्रियों के टिकटों और उनके पास मौजूद सामानों की गहनता से पड़ताल की।

    इस अभियान के दौरान टीम ने बड़ी संख्या में नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों को चिन्हित किया। पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 35 यात्रियों को बिना उचित टिकट के यात्रा करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इसके साथ ही चेकिंग टीम ने सामानों की ढुलाई के नियमों के प्रति भी कड़ाई दिखाई और कुल 131 ऐसे व्यक्तियों को पकड़ा जो बिना बुक किए हुए लगेज के साथ सफर कर रहे थे। इन सभी के विरुद्ध रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मौके पर ही कुल 19,030 रुपये का जुर्माना राजस्व के रूप में वसूल किया गया।

    अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों का बड़ा दल तैनात था। मंडल वाणिज्य निरीक्षक रवि कुमार साहनी के सहयोग के लिए 08 चल टिकट निरीक्षक (TTE) मौजूद रहे, जिन्होंने पूरी तत्परता से यात्रियों की जांच की। इसके अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था को संभालने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रेलवे सुरक्षा बल झंझारपुर के सहायक उप निरीक्षक विकास कुमार यादव अपने दो जवानों के साथ मौके पर मुस्तैद रहे।

    रेल प्रशासन की इस कड़ी कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा करने वाले असामाजिक तत्वों में दिन भर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने आम जनता से यह भी अपील की है कि वे रेलवे को अपना सहयोग दें और हमेशा वैध टिकट लेकर ही गौरवमयी रेल यात्रा का आनंद उठाएं।

  • झंझारपुर के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी: आनंद विहार स्पेशल ट्रेनों के फेरों में हुआ विस्तार

    झंझारपुर के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी: आनंद विहार स्पेशल ट्रेनों के फेरों में हुआ विस्तार

    झंझारपुर और आसपास के क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने पुर्णिया कोर्ट और सहरसा से आनंद विहार (दिल्ली) के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेनों की परिचालन अवधि को बढ़ाने का निर्णय लिया है। पहले इन ट्रेनों को केवल 17 मार्च तक चलाने की योजना थी, लेकिन यात्रियों की भारी संख्या और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए अब इन्हें मार्च के अंत तक चलाया जाएगा।

    इस विस्तार से मिथिलांचल और कोसी क्षेत्र के लोगों को दिल्ली आने-जाते समय काफी सुविधा होगी। विशेष रूप से झंझारपुर, निर्मली और सुपौल के यात्रियों के लिए यह एक सीधा और सुलभ विकल्प बना रहेगा।

    ट्रेनों की नई समय सारणी और संचालन तिथियां

    जारी की गई अधिसूचना के अनुसार, इन स्पेशल ट्रेनों का नया शेड्यूल इस प्रकार है:

    • पुर्णिया कोर्ट – आनंद विहार (05579): यह ट्रेन अब 29 मार्च तक अपनी सेवाएं देगी। हालांकि, ध्यान रहे कि 21 और 28 मार्च को यह ट्रेन पुर्णिया कोर्ट से नहीं चलेगी (रद्द रहेगी)।
    • सहरसा – आनंद विहार (05575): सहरसा से यह ट्रेन 11, 18 और 25 मार्च को संचालित की जाएगी।
    • आनंद विहार – पुर्णिया कोर्ट (05580): वापसी दिशा में यह ट्रेन आनंद विहार से 29 मार्च तक उपलब्ध रहेगी।
    • आनंद विहार – सहरसा (05576): यह ट्रेन आनंद विहार से सहरसा के लिए 31 मार्च तक चलेगी।

    कोच संरचना में बदलाव: अब मिलेगी बेहतर सुविधा

    इस बार रेलवे ने यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कोच संरचना (Coach Composition) में भी बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत ट्रेन में निम्नलिखित श्रेणी के कोच शामिल होंगे:

    1. जनरल कोच: कम बजट में यात्रा करने वालों के लिए।
    2. स्लीपर क्लास: रात के सफर को आरामदायक बनाने के लिए।
    3. 3E (इकोनॉमी एसी): कम किराए में एसी के सफर का आनंद लेने के लिए।

    इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन

    यह ट्रेन उत्तर बिहार के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों को जोड़ती है। पुर्णिया कोर्ट से खुलने के बाद यह बनमनखी, मुरलीगंज, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, सरायगढ़, निर्मली, घोघरडीहा, झंझारपुर, सकरी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और गोरखपुर होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी।

  • झंझारपुर-निर्मली रेलखंड पर रेलवे का बड़ा अभियान, बिना टिकट यात्रियों से वसूला गया भारी जुर्माना

    झंझारपुर-निर्मली रेलखंड पर रेलवे का बड़ा अभियान, बिना टिकट यात्रियों से वसूला गया भारी जुर्माना

    झंझारपुर-निर्मली रेलखंड पर रेल राजस्व की सुरक्षा और बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से शनिवार, 7 मार्च 2026 को एक विशेष और सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह पूरी कार्रवाई मंडल वाणिज्य निरीक्षक रवि कुमार साहनी के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसके दौरान रेलखंड से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में सघन तलाशी ली गई। इस अभियान की भनक लगते ही बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप मच गया और रेलवे स्टेशन परिसर में काफी गहमागहमी देखी गई।

    इस विशेष अभियान के तहत टीम ने मुख्य रूप से दानापुर-जोगबनी इंटरसिटी एक्सप्रेस और सहरसा-लहरिया सराय मेमू ट्रेन को अपने निशाने पर लिया। मंडल वाणिज्य निरीक्षक के साथ मौजूद 08 टीटीई की टीम ने ट्रेन के प्रत्येक कोच में जाकर यात्रियों के टिकटों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान न केवल बिना टिकट यात्रा करने वाले लोग पकड़े गए, बल्कि उन यात्रियों पर भी कार्रवाई की गई जो बिना बुकिंग कराए भारी मात्रा में सामान लेकर यात्रा कर रहे थे। रेलवे सुरक्षा बल झंझारपुर के सहायक उप निरीक्षक विकास कुमार यादव और उनके दो स्टाफ की मौजूदगी ने पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और अनुशासन सुनिश्चित किया।

    दिन भर चली इस कार्रवाई के सुखद परिणाम सामने आए जिसमें टीम ने कुल 38 व्यक्तियों को बिना उचित टिकट के यात्रा करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। इसके साथ ही रेलवे के नियमों का उल्लंघन कर बिना बुकिंग के लगेज ले जा रहे 100 अन्य यात्रियों को भी चिन्हित किया गया। इन सभी उल्लंघनकर्ताओं से रेलवे अधिनियम के तहत तत्काल जुर्माना वसूल किया गया। इस पूरे अभियान के दौरान रेलवे ने कुल 16,438 रुपये की राशि जुर्माने के तौर पर सरकारी खजाने में जमा कराई।

    रेलवे अधिकारियों ने इस सफल अभियान के बाद स्पष्ट संदेश दिया है कि रेलखंड पर इस तरह के औचक निरीक्षण भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर और अपने सामान की उचित बुकिंग कराकर ही गौरवशाली भारतीय रेल का सफर करें ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अभियान से न केवल राजस्व में वृद्धि हुई है बल्कि नियम का पालन करने वाले यात्रियों के बीच सुरक्षा का भाव भी सुदृढ़ हुआ है।

  • रांची और झंझारपुर के बीच चलेगी होली स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

    रांची और झंझारपुर के बीच चलेगी होली स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

    झंझारपुर : होली के पावन अवसर पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने रांची और झंझारपुर के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह कदम त्योहार के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए उठाया गया है। रांची-झंझारपुर होली स्पेशल ट्रेन के परिचालन से झारखंड और बिहार के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह ट्रेन सेवा मार्च के पूरे महीने उपलब्ध रहेगी जिससे प्रवासियों को अपने घर पहुंचने में कोई असुविधा नहीं होगी।

    गाड़ी संख्या 08105 रांची-झंझारपुर होली स्पेशल ट्रेन का परिचालन 2 मार्च से 30 मार्च के बीच प्रत्येक सोमवार को किया जाएगा। यह ट्रेन रांची जंक्शन से रात 10:50 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन शाम 4:00 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 08106 झंझारपुर-रांची होली स्पेशल ट्रेन 3 मार्च से 31 मार्च के बीच हर मंगलवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन झंझारपुर से शाम 6:00 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:15 बजे रांची पहुंचेगी।

    यात्रा के दौरान यह स्पेशल ट्रेन मुरी जंक्शन, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, धनबाद, चितरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किउल, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा और सकरी जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। इन ठहरावों की मदद से न केवल रांची और झंझारपुर बल्कि रास्ते में पड़ने वाले अन्य शहरों के यात्री भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। रेलवे ने इस ट्रेन में जनरल, स्लीपर, 3AC और 2AC कोचों की व्यवस्था की है ताकि हर श्रेणी के यात्री अपनी सुविधा अनुसार सफर कर सकें।

    इस विशेष रेल सेवा के शुरू होने से मिथिलांचल और झारखंड के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। होली के दौरान टिकटों की भारी मारामारी को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना आरक्षण करा लें। रेलवे प्रशासन को उम्मीद है कि इस ट्रेन के चलने से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और यात्रियों का सफर सुखद एवं सुरक्षित रहेगा।