भागलपुर में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव: पशु की मौत के बाद बवाल, यात्रियों में दहशत

बिहार के भागलपुर-दुमका रेलखंड पर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना। पशु की मौत से आक्रोशित लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके, यात्रियों में मची दहशत। रेलवे ने शुरू की जांच।

Star Mithila News
2 Min Read
Highlights
  • वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव, सी-7 कोच की खिड़कियां क्षतिग्रस्त
  • पशु की मौत से भड़का स्थानीय लोगों का गुस्सा
  • रेलवे ने शुरू की सीसीटीवी फुटेज की जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई
  • रेलवे की जागरूकता अभियान के बावजूद दोहराई गई घटना

BHAGALPUR: बिहार के भागलपुर-दुमका रेलखंड पर शनिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटना ने यात्रियों में दहशत फैला दी। यह घटना तब हुई जब ट्रेन दोपहर 3:05 बजे भागलपुर से अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई थी। हाट पुरैनी और टिकानी के बीच एक पशु ट्रेन की चपेट में आ गया, जिसके बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ट्रेन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, किसी भी यात्री के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

पत्थरबाजी के कारण ट्रेन के सी-7 कोच की सीट नंबर 41 और 42 की खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। रेलवे सूत्रों के अनुसार, पशु के ट्रेन की चपेट में आने से गुस्साए कुछ लोगों ने यह कदम उठाया। इस घटना के बाद भागलपुर के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। डीआरएम ने बताया कि टिकानी के आसपास पत्थरबाजी की सूचना मिली है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

यह पहली बार नहीं है जब वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव हुआ है। अप्रैल में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ बच्चों के परिजनों पर कार्रवाई की गई थी। एडीआरएम शिव कुमार प्रसाद ने बताया कि रेलवे पटरी पर जानवरों को लाने को दंडनीय अपराध मानता है। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। रेलवे ने स्थानीय गांवों में जागरूकता अभियान भी चलाया है, जिसमें लोगों को पटरियों पर जानवरों को न लाने और ट्रेनों पर पत्थरबाजी न करने की अपील की गई है।

Author
Share This Article
Leave a Comment