भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा निर्णय लिया है। अहमदाबाद और भागलपुर के बीच चलने वाली क्लोन स्पेशल ट्रेन (09447/09448) को अब नियमित (Regularize) कर दिया गया है। इसे अब 19423/19424 अहमदाबाद-भागलपुर-अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में जाना जाएगा। रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, इस ट्रेन का नियमित संचालन 26 अगस्त 2026 से प्रभावी हो जाएगा।

परिचालन का विवरण और समय-सारणी अहमदाबाद से ट्रेन संख्या 19423 प्रत्येक बुधवार को प्रस्थान करेगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 19424 प्रत्येक शुक्रवार को भागलपुर से अहमदाबाद के लिए खुलेगी। यह ट्रेन आधुनिक एलएचबी (LHB) कोचों से लैस होगी, जिसमें कुल 22 कोचों की संरचना होगी। इसमें स्लीपर, सामान्य श्रेणी, पेंट्री कार और दिव्यांगजन अनुकूल कोच शामिल हैं, जो यात्रियों को एक आरामदायक और सुरक्षित सफर प्रदान करेंगे।
किन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव? यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसके प्रमुख ठहरावों में छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, आगरा ईदगाह, टुंडला, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, अभयपुर, जमालपुर और सुल्तानगंज शामिल हैं। इस नई सेवा से बिहार के अंग और मुंगेर प्रमंडल के यात्रियों को गुजरात और अन्य राज्यों के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन के परिचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे यात्रा से पूर्व अपनी सीट की स्थिति और समय-सारणी की पुष्टि आधिकारिक वेबसाइट या रेलवे के ऐप पर अवश्य कर लें।

