सहरसा को मिलेगी गुवाहाटी की ट्रेन, मधेपुरा के रास्ते चलने की संभावना, एक साथ दो और अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन जल्द

Star Mithila News
3 Min Read
Highlights
  • सहरसा से नॉर्थ ईस्ट और अमृतसर के लिए दो नई अमृत भारत ट्रेनें।
  • प्रधानमंत्री जल्द दिखा सकते हैं हरी झंडी।
  • 20 साल बाद सहरसा-गुवाहाटी कनेक्टिविटी।
  • अमृत भारत ट्रेन में आधुनिक सुविधाएं और सुरक्षा।

सहरसा, बिहार: कोसी क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सहरसा जंक्शन से जल्द ही दो नई अमृत भारत ट्रेन शुरू होने की संभावना है। इनमें सहरसा से नॉर्थ ईस्ट (गुवाहाटी) और सहरसा से अमृतसर के लिए ट्रेन शामिल हैं। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने बिहार दौरे पर इन ट्रेनों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखा सकते हैं।

सहरसा से तीन अमृत भारत ट्रेनें एक साथ

पूर्व मध्य रेलवे का सहरसा जंक्शन बिहार का पहला स्टेशन होगा, जहां से तीन अमृत भारत ट्रेनें एक साथ संचालित होंगी। वर्तमान में सहरसा से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए साप्ताहिक अमृत भारत ट्रेन चल रही है। अब गुवाहाटी और अमृतसर के लिए दो और ट्रेनें शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

पूर्व से प्रस्तावित थी ट्रेनें

सहरसा से अमृतसर और फिरोजपुर के लिए अमृत भारत ट्रेन पहले से प्रस्तावित थी। हालांकि, यह ट्रेन सुपौल, सरायगढ़, झंझारपुर या मानसी, खगड़िया, समस्तीपुर के रास्ते चलेगी, इसका रूट अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। वहीं, सहरसा से गुवाहाटी के लिए ट्रेन मधेपुरा, मुरलीगंज, बनमनखी और पूर्णिया के रास्ते चलेगी। रेलवे बोर्ड को दोनों ट्रेनों का प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है।

20 साल बाद फिर से सहरसा-गुवाहाटी कनेक्टिविटी

20 साल पहले, 2005 में सहरसा से गुवाहाटी के लिए जीएल एक्सप्रेस चलती थी, जो मीटर गेज लाइन पर संचालित थी। अमान परिवर्तन के बाद इसे बंद कर दिया गया था। तब से कोसी क्षेत्र के यात्रियों को नॉर्थ ईस्ट जाने के लिए कटिहार से ट्रेन लेनी पड़ती है। नई अमृत भारत ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

अमृत भारत ट्रेन की खासियत

अमृत भारत ट्रेन पर्यावरण, ऊर्जा बचत और यात्री सुविधाओं के लिए जानी जाती है। इसमें क्रैश ट्यूब, असिस्टेड ब्रेक सिस्टम, सील्ड गैंग-वे, वैक्यूम एवैक्यूशन सिस्टम और फायर डिटेक्शन सिस्टम जैसे आधुनिक फीचर्स हैं। ट्रेन में सेमी-ऑटोमेटिक काउपलर का उपयोग पहली बार किया गया है, जो झटके और शोर को कम करता है।

रफ्तार के साथ सुरक्षा

यह एलएचबी पुश-पुल ट्रेन है, जिसमें दोनों सिरों पर इंजन लगे हैं। यह 130 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती है। इमरजेंसी टॉक बैक सिस्टम, बाहरी इमरजेंसी लाइट्स और सीसीटीवी कैमरे यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करते हैं।

24 अप्रैल को मिली थी पहली अमृत भारत ट्रेन

पिछले 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर पीएम मोदी ने सहरसा से लोकमान्य तिलक के लिए पहली अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को संचालित हो रही है।

यात्रियों को मिलेगी सहूलियत

सहरसा से गुवाहाटी और अमृतसर के लिए नई ट्रेनें शुरू होने से कोसी क्षेत्र के यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों के संचालन की तैयारियां शुरू कर दी हैं, हालांकि आधिकारिक तारीख की पुष्टि बाकी है।

Author

Discover more from Star Mithila News

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Share This Article
Leave a Comment

Discover more from Star Mithila News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading