यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कटिहार-अमृतसर स्पेशल के फेरों में विस्तार
रेल प्रशासन ने यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे ने कटिहार से अमृतसर के बीच चलने वाली समर स्पेशल ट्रेन संख्या 05736/05735 के परिचालन अवधि में विस्तार करते हुए इसके पांच अतिरिक्त फेरे चलाने का ऐलान किया है। रेलवे के इस फैसले से सीमांचल के पूर्णिया, अररिया और फारबिसगंज के साथ-साथ मिथिलांचल के झंझारपुर, सीतामढ़ी और रक्सौल क्षेत्र के हजारों यात्रियों को पंजाब और हरियाणा की यात्रा के दौरान सीधी और सुगम सफर की सुविधा मिलेगी।

जानिए झंझारपुर से होकर गुजरने वाली इस ट्रेन का नया शेड्यूल और रूट
रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 05736 कटिहार-अमृतसर समर स्पेशल प्रत्येक बुधवार को 5 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक कटिहार से अमृतसर के लिए रवाना होगी और कुल पांच अतिरिक्त फेरे लगाएगी। वहीं वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 05735 अमृतसर-कटिहार समर स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार को 7 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक अमृतसर से प्रस्थान कर कटिहार वापस लौटेगी। यह स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग कटिहार से खुलकर पूर्णिया, अररिया, फारबिसगंज, राघोपुर, झंझारपुर, सीतामढ़ी, रक्सौल और गोरखपुर होते हुए अमृतसर पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन की समय-सारणी, ठहराव और कोच संयोजन पूर्ववत ही रहेंगे।
निर्णय का स्वागत, कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ी
ट्रेन के फेरे बढ़ाए जाने के फैसले का स्थानीय यात्री संगठनों और आम जनता ने स्वागत किया है। प्रतिनिधियों का कहना है कि झंझारपुर और आसपास के रेलवे स्टेशनों से पंजाब व हरियाणा जाने वाले यात्रियों, मजदूरों और विद्यार्थियों की हमेशा भारी भीड़ रहती है। फेरे बढ़ने से यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और लंबी दूरी का सफर अधिक आसान हो सकेगा।
Discover more from Star Mithila News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


